Skip to main content

मोदी की परिवर्तन रैली और मिशन यूपी



 कुशीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली में हजारों की भीड़ अपने प्रधानमंत्री के दीदार के लिए सुबह से पैर जमाए खड़ी थी। यहां अपने पूरे भाषण में मोदी का फोकस कालेधन और नोटबंदी पर रहा। बुद्ध के क्षेत्र में मोदी के इस भाषण में बुद्धि और संयम, दोनों का प्रयोग किया गया। पीएम मोदी ने नोटबंदी के अपने फैसले को हर तरह से जायज बताया और उसके पक्ष में कई उदाहरण भी रखे। लोकतंत्र में हर निर्णय पर जनता की मिली-जुली प्रतिक्रिया होती ही है। नोटबंदी के फैसले पर भी ऐसा रहा।
 


मोदी जी का कहना है कि लगभग आधे से ज्यादा आबादी मोबाइल फोन का इस्तेमाल करती है। मतलब रिचार्ज भी कराती ही होगी। इस प्रक्रिया को सीखने के लिए क्या कोई कभी स्कूल गया था या कोई सरकारी कर्मचारी उन्हें यह सिखाने आया था? आखिरकार जनता ने खुद ही सीख ही लिया। ऐसे ही कैशलेस अर्थव्यवस्था की शुरूआत भी की जा सकती है।



अपने उदाहरणों में उन्होंने कहा कि रेलवे के आधे से ज्यादा टिकट लोग स्वंय ऑनलाइन ही बुक कर लेते है। पिछली दो दफा भावुक हो चुके प्रधानमंत्री ने इस बार अपने सशक्त हौसले का परिचय देकर दंभ भरते हुए कहा कि नोटबंदी का फैसला वापस नहीं लिया जाएगा। इस ऐतिहासिक फैसले से छोटे लोगों को छोटी और बड़े लोगों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए मोदी बोले कि एक तरफ वो भ्रष्टाचार बंद के खिलाफ अवाज बुलंद कर रहे है, वहीं कुछ लोग भारत-बंद के लिए लामबंद हो रहे हैं। सभी बातों को ध्यान से देखा जाए, तो लगभग हर बात सही लगती है, लेकिन इन सभी बातों के दूसरे पहलुओं को भी नकारा नहीं जा सकता।




फोन रिचार्ज कराना और बैंक का लेनदेन अलग तरीकों से काम करता है। मौजूदा वक्त में कैशलेस इकॉनमी भारत के लिए सुहाना ढोल ही है। इंटरनेट से पहले तो हमें पूरे देश में बिजली आपूर्ति पर ध्यान देना होगा। इंटरनेट अभी अपनी प्रारंभिक स्थिति में है। उच्च आय वर्ग और मध्यम वर्ग के अलावा शायद ही किसी को ऑनलाइन शॉपिंग करते हुए देखा गया हो।




2000 की नोट आने के बाद से बिचौलिए अपने खेल में फिर जुट गए हैं। रेलवे टिकट बुक करने वाले कई टूर एजेंट्स का जीवन-यापन ही इसी टिकट बुकिंग से हो रहा है। कालेधन को सफेद में बदलने के लिए परसेंटेज मार्केट गर्म हो गया है। बैंक मैनेजरों से लेकर व्यवसायी तक, सभी इस परसेंटेज मार्केट में दंद-फंद लगा रहे हैं। जनता का पैसा बैंक में गया जरूर है, लेकिन विजय माल्या जैसे लोग न जाने कितनों का पैसा कर्ज के तौर पर लेकर डकार चुके हैं। आंकड़े बताते हैं कि 5 माल्या पूरे देश के जनधन खाते डकार सकते हैं।




वैसे यह हास्यास्पद है कि नरेंद्र मोदी को अपने फैसले के लिए जनता से समर्थन मांगना पड़ रहा है। अच्छी योजनाओं के लिए जनता से समर्थन मांगने की जरूरत नहीं पड़ती है, बल्कि जनता खुद समर्थन देती है। मोदी को समर्थन मिल जरूर रहा है, लेकिन सिर्फ हार्डकोर बीजेपी सपोर्टर्स से. वैसे मिशन यूपी में सिर्फ कालेधन पर चर्चा ये इशारा भी करती है कि शायद सबसे ज्यादा कालाधन यूपी में ही है। खैर, कैशलेस यूपी में अगामी चुनाव देखना किसी सर्कस से कम नहीं होगा।

Comments

Popular posts from this blog

चीन को समझना अब जरूरी नहीं, मजबूरी है।

पिछले डेढ़ महीने से चीन का भारत और भूटान के साथ जो गतिरोध दिख रहा है, वह कई दिशाओं में होने वाले विनाश की तरफ इशारा कर रहा है। मौजूदा वक्त में पूरे एशिया में सिर्फ भारत ही है, जो चीन की आंखों में आंखें डालकर खड़ा हो सकता है। उधर चीन भी लगातार अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है। पिछले एक दशक में ड्रैगन ने समुद्री क्षेत्र में अपना दखल मजबूत किया है। पाकिस्तान के ग्वादर पोर्ट की आर्थिक मदद करके चीन क्या फायदा उठाना चाहता है, यह किसी से छिपा नहीं है। कश्मीर से बलूचिस्तान तक जो हालात हैं, उससे पाकिस्तान की सेहत पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ रहा है। चीन भी पाक के साथ मिलकर इसका फायदा उठाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा है। एक तरफ चीन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है, 'पहाड़ हिलाना आसान है, लेकिन चीनी सेना को नहीं।' दूसरी तरफ CAG की उस रिपोर्ट ने उग्र-राष्ट्रवाद की समर्थक सरकार की हवा निकाल दी, जिसमें कहा गया कि भारतीय सेना के पास सिर्फ 10 दिन लड़ने लायक गोला-बारूद है। बीजेपी नेता भले रिपोर्ट के गलत समय पर जारी होने की बात कह रहे हों, पर सरकार से उम्मीद की जा सकती है कि वह गोला-बार...

पूरे देश को खाना खिलाने वाला खुद घास और चूहे खाकर पेशाब पी रहा है

पिछले 40 दिनों से लगभग हर अखबार की खाली जगह भरने और हर चैनल का बुलेटिन पूरा करने के लिए एक ही खबर का इस्तेमाल किया जा रहा है। दिल्ली में तमिलनाडु के किसानों का विरोध प्रदर्शन। अपनी मांग रखने के लिए सभी गांधीवादी तरीके अपना चुके ये किसान आखिर में अपना पेशाब पीने को मजबूर हो गए, लेकिन लुटियंस दिल्ली में बैठने वाले सरकार के किसी प्रतिनिधि के कानों तक इनकी आवाज नहीं पहुंची। मल खाने तक की धमकी दे चुके ये किसान आज अगर बंदूक उठा लें, तो नक्सलवाद का ठप्पा इन्हें व्यवस्था से बाहर कर देगा। डर इस बात का है कि डिजिटल इंडिया के निर्माण की प्रक्रिया में हम उस धड़े की उपेक्षा कर रहे हैं, जो जीवन की सबसे बेसिक जरूरत को पूरा करने वाली इकाई है। एक तरफ उत्तर प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ तमिलनाडु के किसानों को मानव-मल खाने की धमकी देनी पड़ती है। कल तक सत्ता तक पहुंचने का जरिया रहे ये किसान आज सत्ता की अनुपलब्धता का श्राप झेल रहे हैं। एक आम भारतीय को न तो अजान की आवाज से तकलीफ होती है और न मंदिर के घंटे से, लेकिन अपने अन्नदाता की ऐसी दुर्गति जरूर उसके मन को क...

क्या इसी बदलाव का सपना देख रहे थे सारे भारतीय

     कई मुस्लिम परिवारों में ईद से पहले अपने बच्चों का इंतजार हो रहा था, लेकिन सबका इंतजार पूरा नहीं हुआ. ईद से दो दिन पहले किसी अब्बा को पता चलता है कि घर से बाहर गया उनका बेटा अब नहीं रहा. इस बात को वो शायद किसी तरह हजम भी कर लेते, लेकिन उन्हें इसका क्रूरतम रूप देखने को मिला. एक पिता को खबर मिली कि उनके बेटे जुनैद को ट्रेन में पीट-पीटकर मार डाला गया. वो ट्रेन दिल्ली से बल्लभगढ़ होते हुए मथुरा जा रही थी. जुनैद ने कुर्ता पहन रखा था. उसके सिर पर टोपी और चेहरे पर दाढ़ी थी. हत्यारों को उसकी बातों से ज्यादा शायद उसके हुलिए से तकलीफ थी. अब इसके असर के बारे में सोचिए. भारतीय राजनीति में जातिवाद हमेशा घुला रहा है, लेकिन धर्मों का सैन्यकरण समाज को हाशिए पर ले जाकर खड़ा कर देगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था. अगर किसी को रहा भी होगा, तो वो इग्नोर करके आगे बढ़ गया. हाशिम, जुनैद, मोईन और शाकिर दिल्ली से ईद की खरीदारी करके मथुरा लौट रहे थे. ट्रेन में कुछ लोगों ने उन पर गोमांस ले जाने का आरोप लगाया और गद्दार कहा. उनकी दाढ़ी पकड़ने (नोचने) की कोशिश की गई. जिन लोगों को इ...